Thursday, August 14, 2025

पर्यावरण बचाने के लिए बड़े स्तर पर पौधारोपण जरूरी: राव नरबीर ने पंचकूला में किया वन विभाग की तैयारियों का निरीक्षण

पंचकूला: हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर ने शुक्रवार को पंचकूला जिले की विभिन्न वन स्थलों का दौरा कर आगामी पौधारोपण अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग की नर्सरी, नेचर कैप और त्रिफला वाटिका का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पौधे रोपित किए जाएं और उनकी देखरेख भी सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है और इसके लिए जनभागीदारी भी आवश्यक है।

मंत्री ने नर्सरी में तैयार पौधों की गुणवत्ता की जांच की और 2 वर्ष पहले लगाए गए पौधों की स्थिति भी देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक वर्ष जो पौधे लगाए जाते हैं, उनकी नियमित देखभाल की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि वन क्षेत्र का सही रूप से विस्तार हो सके। इसके बाद उन्होंने थापली स्थित नेचर कैप का दौरा किया और वहां स्थापित नेचरोपैथी सेंटर में मरीजों को दी जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेषज्ञों को अधिक मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने को कहा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

- Advertisement -

दौरे के दौरान राव नरबीर ने नेचर कैप में स्थापित क्लाइमेट चेंज लैब का भी निरीक्षण किया, जहां विद्यार्थियों को जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लैब्स भविष्य के लिए युवाओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार जिले की नर्सरियों में कुल 20 लाख पौधे तैयार किए गए हैं, जो मानसून के दौरान रोपित किए जाएंगे।

मंत्री ने इसके पश्चात मांधना गांव स्थित त्रिफला वाटिका में पहुंचकर वहां लगाए गए औषधीय पौधों की जानकारी ली और इन पौधों के संरक्षण व संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को बढ़ावा देने में इस तरह की वाटिकाएं अहम हैं और इन्हें राज्यभर में और विकसित किया जाना चाहिए। दौरे के अंतिम चरण में मंत्री मोरनी फोर्ट पहुंचे, जहां तीन पंचायतों ने उन्हें मांग पत्र सौंपा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी उचित मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक विनित गर्ग, जिला वन अधिकारी विशाल कौशिक व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org