अजीत झा, चंडीगढ़ दिनभर: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पुलिस कस्टडी में इंटरव्यू मामले में बर्खास्त किए गए पंजाब पुलिस के डीएसपी गुरशेर सिंह पर अब एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। विजिलेंस ब्यूरो ने गुरशेर सिंह और उनकी मां सुखवंत कौर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।यह कार्रवाई विजिलेंस फ्लाइंग स्क्वायड, मोहाली द्वारा की गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गुरशेर सिंह को अप्रैल 2021 से मार्च 2024 के बीच महज 26.32 लाख रुपये वेतन मिला, जबकि इस दौरान उनके परिवार का कुल खर्च 6.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
चौंकाने वाला आंकड़ा: 97% ज्यादा खर्च:
विजिलेंस की जांच के मुताबिक गुरशेर और उनके परिवार ने अपनी आय से 96.99% ज्यादा खर्च किया है, जो स्पष्ट रूप से अवैध आय की ओर इशारा करता है।
क्या सामने आया जांच में:
• डीएसपी गुरशेर सिंह की सैलरी: ₹26.32 लाख (तीन वर्षों में)
• इनकम टैक्स रिफंड व ब्याज: ₹75,876
• मां सुखवंत कौर की आय: ₹1.83 करोड़
• परिवार की कुल घोषित आय: ₹2.67 करोड़
• तीन सालों में कुल खर्च: ₹6.29 करोड़
• अधिक खर्च की राशि: ₹2.59 करोड़
संपत्ति व बैंकिंग विवरण:
• अप्रैल 2021 की शुरुआत में बैंक बैलेंस: ₹3 लाख
• मार्च 2024 तक अचल संपत्ति: ₹2.47 करोड़
• बैंक बैलेंस: ₹83.88 लाख
• कंपनियों व फर्मों में निवेश: ₹1.81 करोड़
• बैंक लोन: ₹25.17 लाख
इन आंकड़ों के आधार पर विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो गुरशेर सिंह फिलहाल विदेश भाग चुका है, हालांकि टीम उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। गैंगस्टर इंटरव्यू कनेक्शन:गुरशेर सिंह पहले ही उस मामले में चर्चा में आ चुके हैं, जिसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने पुलिस कस्टडी के दौरान दो इंटरव्यू दिए थे।
• पहला इंटरव्यू 3-4 सितंबर 2023 को हुआ, जिसमें मूसेवाला हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई।
• दूसरा इंटरव्यू जयपुर जेल से हुआ, जिसमें लॉरेंस ने जेल के अंदर से कॉल करने और मोबाइल रखने की बात स्वीकारी।
3 जुलाई को हाईकोर्ट में सुनवाई:
गुरशेर सिंह ने अपनी बर्खास्तगी को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इस पर 3 जुलाई 2025 को सुनवाई होगी।इस इंटरव्यू मामले में डीएसपी से लेकर हेड कांस्टेबल रैंक तक के कुल 7 अधिकारियों को सरकार ने सस्पेंड किया था, जिनमें गुरशेर सिंह भी शामिल थे।