हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल भाजपा ने विधानसभा के बाहर चौड़ा मैदान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना खत्म होने के ऐलान के बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की और बैरिकेड पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई।
जयराम ठाकुर का सरकार पर हमला
भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल में अब कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। दिन-दहाड़े गोलियां चल रही हैं और माफिया राज पूरी तरह पांव पसार चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किराए के गुंडे और शूटर लाकर कॉन्ट्रैक्ट किलिंग कराई जा रही है। उन्होंने हाल ही में हुई गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि में इस तरह की वारदातें पहले कभी नहीं हुईं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी में उनके सहपाठी प्रदीप गुलेरिया पर गोली चलाई गई और उनकी दिनभर की कमाई लूट ली गई। अब वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इसी तरह, ट्राइबल अधिकारी विमल नेगी की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसका अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। भाजपा इसकी गहराई से जांच कर रही है और सीबीआई जांच की मांग कर रही है।
माफिया राज और भ्रष्टाचार पर भाजपा का आरोप
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने झूठे वादे कर सत्ता हथियाई, लेकिन अब वह अपने वादों से पीछे हट रही है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह, पांच लाख नौकरियां, दूध और गोबर खरीदने जैसे वादे केवल चुनावी जुमले बनकर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टा (ड्रग्स) माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया, कबाड़ माफिया और ट्रांसफर माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। अपराधियों को सरकारी संरक्षण मिला हुआ है और सरकार इन अपराधियों पर चुप्पी साधे हुए है।
महिलाओं और युवाओं को लेकर भी साधा निशाना
भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है। महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार महिला विरोधी सरकार साबित हो चुकी है, क्योंकि 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का झूठा वादा किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें कुछ नहीं मिला।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अब गोलीबारी के लिए पहचाना जाने लगा है। प्रदेश में हत्याओं और लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं। चंबा में एक युवक की नृशंस हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हत्याओं का सिलसिला शुरू हो गया है।
भाजपा ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार को तुरंत माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने विमल नेगी की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
भाजपा ने दी चेतावनी
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द से जल्द कानून-व्यवस्था को दुरुस्त नहीं करती और माफिया पर नकेल नहीं कसती, तो पार्टी बड़े आंदोलन की तैयारी करेगी। इस प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर किया और हिमाचल प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने की मांग की।