Thursday, August 14, 2025

चंडीगढ़ में मनाया गया नौवां सशस्त्र बल वयोवृद्ध दिवस, पूर्व सैनिकों के बलिदान को किया गया याद

चंडीगढ़ :

नौवां सशस्त्र बल वयोवृद्ध दिवस महिला भवन, सेक्टर-38, चंडीगढ़ में बड़े
उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस दिन को हमारे पूर्व सैनिकों के
बलिदानों को याद करते हुए उनके योगदान को सराहने के लिए समर्पित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा किया गया।

- Advertisement -

चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में
शिरकत की और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर चंडीगढ़ के
उपायुक्त निशांत कुमार यादव, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड और
ब्रिगेडियर बी.एस. ढिल्लों (सेवानिवृत्त), उपाध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड भी
उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को संबोधित करते हुए
स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा स्रोत बने
रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा
संचालित कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और आश्वासन दिया कि यदि किसी पूर्व
सैनिक को कोई समस्या या सुझाव है, तो वे जिला सैनिक कल्याण कार्यालय चंडीगढ़
को लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन पूर्व सैनिकों की सभी जरूरतों को प्राथमिकता
देगा और उनके कल्याण के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।

उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने अपने संबोधन में पूर्व सैनिकों के साहस, बलिदान
और देश के प्रति समर्पण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने वीर नारियों को
भी सम्मानित किया और कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने राष्ट्र की रक्षा के
लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसके लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।

हर साल 14 जनवरी को सशस्त्र बल वयोवृद्ध दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारतीय
सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के.एम. करिअप्पा के सेवानिवृत्ति
दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने 1947 के युद्ध में भारतीय बलों का
नेतृत्व किया और 1953 में इस दिन औपचारिक रूप से सेवा से सेवानिवृत्त हुए।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर आर.एस. चठा, अतिरिक्त डी.जी. पुनर्वास, पश्चिमी जोन
मुख्यालय, पश्चिमी कमान, चंडीमंदिर; ब्रिगेडियर बी.एस. ढिल्लों (सेवानिवृत्त),
निदेशक, राज्य सैनिक बोर्ड, पंजाब; कर्नल जी.एस. शर्मा (सेवानिवृत्त),
ओ.आई.सी. आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट नोड, पश्चिमी कमान, चंडीमंदिर; कर्नल बैंस
(सेवानिवृत्त), ओ.आई.सी. पॉलीक्लिनिक, ई.सी.एच.एस., चंडीगढ़; और चंडीगढ़
प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org