यमुनानगर: प्रॉपर्टी आईडी के दुरुस्तीकरण को लेकर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने एनडीसी पोर्टल के सभी मेकर व चेकर की बैठक ली। उन्होंने सभी मेकर चेकर को सख्त निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा के लिए किसी भी ऑब्जेक्शन को ठोस कारण के बिना रिवर्ट न करें। राइट टू सर्विस कमिशन से निर्धारित समय के तहत ऑब्जेक्शन का निपटान करें। जिस भी मेकर व चेकर द्वारा बिना कारण ऑब्जेक्शन रिवर्ट किए उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बैठक में उन्होंने सभी मेकर व चेकर से लंबित ऑब्जेक्शन की जानकारी ली। साथ ही उन्हें निर्देश दिए कि वह प्रॉपर्टी आईडी से लंबित ऑब्जेक्शन का जल्द से जल्द निपटान करें।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बैठक में नई प्रॉपर्टी आईडी बनाने, उप-विभाजित प्रॉपर्टी आईडी के लिए ऑनलाइन आवेदन, लंबित प्रॉपर्टी आईडी ऑब्जेक्शन, प्रॉपर्टी आईडी में नाम, मोबाइल नंबर, संपत्ति एरिया, अप्रूव्ड, अनअप्रूव्ड आदि त्रुटियों को दुरुस्त करने, रिवर्ट व रिजेक्ट की गई आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने मेकर व चेकर को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को प्रॉपर्टी आईडी को दुरुस्त करने, उस पर लगाए ऑब्जेक्शन को राइट टू सर्विस कमिशन से निर्धारित समय के तहत दुरुस्त करें। बिना ठोस कारण किसी भी ऑब्जेक्शन को रिवर्ट व रिजेक्ट न करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रॉपर्टी आईडी के मेकर, चेकर व अन्य अधिकारियों के बैठने का समय निर्धारित हो। लंबित ऑब्जेक्शन को जल्द निपटाया जाए। प्रॉपर्टी आईडी ऑब्जेक्शन दुरुस्त कराने के लिए आम जन को परेशान न किया जाए। निर्धारित समय पर प्रॉपर्टी संबंधित फाइलों का निपटान किया जाए। मेकर चेकर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करें। प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित अगर किसी की समस्या है तो उसको उसकी पूरी जानकारी देकर सही किया जाए। एक कार्य के लिए बार बार किसी को चक्कर न लगाना पड़े। जनता का हित सर्वोपरि है। इसलिए निगम कार्यालय आने वाले हर व्यक्ति से सकारात्मक व्यवहार करें। प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित उनकी समस्या को समझे और उसका निवारण करने में उसकी हर सहायता करें। जिन भी दस्तावेजों की जरूरत है, एक बार में ही संबंधित व्यक्ति से मंगवा लें। बार बार उसके निगम में चक्कर न लगवाए। ऑनलाइन दर्ज ऑब्जेक्शन का समय पर निपटान करें। बैठक में डीटीपी दलचंद, सभी भवन निरीक्षक, एनडीसी पोर्टल के सभी मेकर व चेकर व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।







