अंबाला, 8 सितंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन्म दिन को भाजपा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा पखवाड़ा सेवा, समर्पण और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प है। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार की योजनाओं को जन-जन से जोड़ने का माध्यम बनेंगे। ये बातें श्री बड़ौली ने अंबाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष मनदीप राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली सेवा पखवाड़ा के दौरान चलाए जाने वाले दर्जनभर कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, फल वितरण, प्रधानमंत्री के जीवन पर प्रदर्शनी, प्रबुद्ध सम्मेलन, नमो मैराथन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर संगोष्ठी, जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा द्वारा सभी जिलों में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाए जायेंगे। इसी प्रकार पर्यावरण को दृष्टि से एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 2 करोड़ 10 लाख पेड़ लगाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, वह भी पूरा होने वाला है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत प्रत्येक बूथ पर 30 पेड़ लगाए जायेंगे। प्रदेश में 20 हजार 629 बूथ हैं। ऐसे में इस सेवा पखवाड़े के तहत 5 लाख से ज्यादा पेड़ लगाए जायेंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत सभी जिलों में पार्कों, हॉस्पिटलों, रेलवे स्टेशनों महापुरुषों की प्रतिमाओं, शहीदों स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों और प्रतिमाओं की स्वच्छता अभियान के तहत साफ सफाई करने का काम किया जाएगा। इसी प्रकार 21 सितंबर को मोदी मैराथन जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को प्रबुद्ध सम्मेलन का भी आयोजन होगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर भी स्वच्छता अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जाएगा ताकि गरीब, किसान, महिलाएं, युवाओं को लाभ मिल सके। भाजपा का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करना है। श्री बड़ौली ने सेवा पखवाड़ा के दौरान कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग व व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।
कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि “भाजपा एक राजनीतिक दल होने के साथ-साथ इसके कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं। जनसेवा और रचनात्मक कार्यों में पार्टी के कार्यकर्ता हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। मजबूत भारत के लिए मजबूत भाजपा आवश्यक है, और भाजपा की मजबूती ही भारत की मजबूती जरूरी है।”
इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, प्रदेश संयोजक विधायक योगेंद्र राणा, जिला प्रभारी धर्मवीर मिर्जापुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मंत्री संतोष सारवान चौहान, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, महापौर अम्बाला शहर शैलजा सचदेवा, अम्बाला कैंट परिषद प्रधान स्वर्ण कौर, जिला संयोजक व महामंत्री करमचंद गोलडी सैनी, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता मौजूद रहे।
सेवा, समर्पण और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बनेगा सेवा पखवाड़ा : पंडित मोहन लाल बड़ौली
RELATED ARTICLES







