गांव भरौली में बीती रात तेज बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर नीचे बसे घरों पर गिर गया, जिससे करीब 8 घरों को भारी नुकसान पहुंचा। बारिश के साथ आया मलबा और पानी इन घरों में घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। इस दौरान प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि गांव के ऊपरी हिस्से में सुरक्षात्मक दीवार बनाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नायब तहसीलदार रविंद्र कुमार, हल्का पटवारी अमित देशवाल, मुकेश कुमार और वाइस चेयरमैन बीडीसी बरवाला विनोद चौधरी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। वहीं, स्थानीय निवासी प्रशासन की अनदेखी से नाराज़ हैं। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है। हर बार भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा और पानी घरों में घुस जाता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। जबकि निरीक्षण टीम ने प्रभावितों को जल्द उचित कार्रवाई और राहत प्रदान करने का आश्वासन दिया है।







