पंचकूला: उपायुक्त एवं माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की मुख्य प्रशासक मोनिका गुप्ता ने 22 सितंबर से 1 अक्तूबर तक होने वाले अश्विन नवरात्र मेले को लेकर बोर्ड सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखा जाए।
बैठक में चर्चा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि नवरात्र के अवसर पर माता मनसा देवी, काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिर में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मंदिर प्रांगण की सफाई, सुंदरता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर दिया। साथ ही दिव्यांग और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग प्रावधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मेले के दौरान यातायात और कानून व्यवस्था के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन वाहनों की 24 घंटे उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ नजदीकी अस्पतालों से तालमेल बनाने के लिए कहा गया।
उन्होंने नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों को साफ-सफाई, फॉगिंग, सड़कों की मरम्मत और अवैध अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष विभाग को मेला परिसर में औषधालय स्थापित करने और सूचना विभाग को सूचना केंद्र बनाने के आदेश दिए। बैठक में नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम, आयुष अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







