चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी और शहर के 11 कॉलेजों में 3 सितंबर को होने वाले छात्र संघ चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही उम्मीदवारों और राजनीतिक पार्टियों ने अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। बुधवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। इस बीच एबीवीपी की ओर से गौरव वीर सोहल ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब यूनिवर्सिटी में बड़े बदलाव करेगी, क्योंकि स्टूडेंट बदलाव चाहता है। वहीं आजाद कैंडिडेट सुमित कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया है। सुमित ज्योग्राफी डिपार्टमेंट से हैं। आम आदमी पार्टी के सुखराज सिंह ने कहा कि उनका कैंडिडेट फाइनल है- मनकीरत सिंह। उन्होंने अपना मेनिफेस्टो भी जारी कर दिया है, जो सभी स्टूडेंट से बात करने के बाद बनाया गया है।अंबेडकर स्टूडेंट फोरम ने अध्यक्ष पद के लिए नवप्रीत कौर को उम्मीदवार बनाया है। वह फाइव ईयर लॉ विभाग से बी.कॉम-एल.एल.बी. कर रही हैं।
नवप्रीत दोबारा बताया गया बाबासाहेब अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और पेरियार के विचारों की अनुयायी हैं और उनका संगठन इन्हीं सिद्धांतों से प्रेरित है। पुसू से सिद्धार्थ बूरा का नाम आया सामने इसी बीच यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यू.आई.ई.टी.) विभाग से सिद्धार्थ बूरा को प्रबल दावेदार घोषित किया गया है। हालांकि वह किस पद पर चुनाव लड़ेंगे, इसकी घोषणा नामांकन के बाद होगी।पुसू के बबल चौधरी ने बताया कि सिद्धार्थ बूरा छात्र कल्याण और एक्टिविजम के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले लगातार छह दिन तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर छात्रों की आवाज बुलंद की थी।

आप ने मनकीरत को उतारा मैदान में आम आदमी पार्टी से जुड़े छात्र संगठन एसैप ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। एसैप ने यू.आई.ई.टी. विभाग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पी.एच.डी. स्कॉलर मनकीरत सिंह मान को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। संगठन की ओर से कहा गया कि मनकीरत सिंह अपने साथ मजबूत शैक्षणिक योग्यता, पारदर्शी छात्र नेतृत्व का विजन और असली छात्र मुद्दों को हल करने का संकल्प लेकर आए हैं।
इसके अलावा महासचिव पद के लिए यू.आई.एल.एस. विभाग की कोमलप्रीत कौर को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कोमलप्रीत छात्र कल्याण गतिविधियों और छात्र सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जानी जाती हैं। एसैप चुनाव प्रभारी दीपक बंसल ने कहा कि उनके उम्मीदवार स्वच्छ राजनीति, शैक्षणिक उत्कृष्टता और यूनिवर्सिटी के विकास को प्राथमिकता देंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष हरिंदर सिंह जॉनी और अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन की विचारधारा पर जोर दिया।
मंगलवार से बिना स्टिकर वाहन की एंट्री पर है रोक प्रोफेसर अमित चौहान ने दी जानकारी मंगलवार से बिना स्टिकर वाले वाहनों की एंट्री नहीं होगी। कैंपस में कार रैली पूरी तरह से बैन कर दी गई है। पांच से ज्यादा लोगों के जुटने के लिए परमिशन लेनी होगी। दो सितंबर तक दाखिला लेने वाले मतदान कर पाएंगे। इस दौरान पीयू के 17000 और 11 कॉलेजों के 53000 से अधिक स्टूडेंट्स मतदान करेंगे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आचार संहिता भी लागू कर दिया है। अब कैंपस में किसी को भी किसी प्रकार का प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।







