रायपुररानी, देवेन्द्र सिंह: गांव फिरोज़पुर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय की दयनीय स्थिति को लेकर चंडीगढ़ दिनभर समाचार पत्र में प्रकाशित ख़बर के बाद खंड शिक्षा अधिकारी रमेश बत्तरा ने आज विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल की छत से पानी टपकने, पिलरों में दरारें और दीवारों की जर्जर हालत का बारीकी से जायज़ा लिया।

इस मौके पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुशील सैनी को भी बुलाया गया और विद्यालय के कमरों का निरीक्षण सरपंच प्रतिनिधि के साथ मिलकर किया गया। निरीक्षण में यह पाया गया कि विद्यालय के कुछ कमरों की स्थिति संतोषजनक और अच्छी हालत में है, जबकि एक हिस्से की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी रमेश बत्तरा ने बताया कि बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्कूल प्रबंधन को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि विभाग शीघ्र ही छत की मरम्मत, दरारों की भराई और अन्य आवश्यक सुधार कार्यों को अंजाम देगा, ताकि एक सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ने भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त न करने की भी कड़ी चेतावनी दी है। उनकी त्वरित कार्रवाई और ज़िम्मेदारी भरे रवैये से ग्रामीणों में राहत की भावना व्याप्त है।







