Tuesday, December 9, 2025

सांसद मनीष तिवारी ने शिवालिक एंक्लेव, मनीमाजरा में नव-स्थापित सीसीटीवी कैमरों का किया उद्घाटन

चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने आज मनीमाजरा स्थित शिवालिक एंक्लेव में नव-स्थापित सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना तथा स्थानीय निवासियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  एच.एस. लक्की और जिला कांग्रेस अध्यक्ष  सुरजीत सिंह ढिल्लो ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके साथ पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह, चंद्रमुखी शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा, पूर्व मेयर राज कुमार गोयल,व्यापार मंडल के प्रधान संजीव चड्ढा, प्रदेश कांग्रेस सचिव  के.आर. महाजन, प्रदेश सचिव इमरान मंसूरी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव वसीम मीर, बिट्टू, राजिंदर खंडूजा, चेयरमैन पूरी,डॉक्टर रंधावा, श्री शाम सिंह, श्री हरीश कुमार, श्री मुखबिर सिंह पुनिया, जगदीप शर्मा,श्री अरुण वशिष्ट, श्री राजबीर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और लोगों को सुरक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ नगर निगम से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में मेयर का कार्यकाल केवल एक वर्ष का होना लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है। मेयर का कार्यकाल कम से कम पाँच वर्ष का होना चाहिए ताकि शहर में निरंतरता के साथ विकास कार्य किए जा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से चंडीगढ़ को कुल 5800 करोड़ रुपए मिलते हैं, और यदि इसमें पीजीआई तथा पंजाब यूनिवर्सिटी को दी जाने वाली राशि जोड़ दी जाए तो यह आंकड़ा लगभग 18,000 करोड़ रुपए तक पहुँचता है। इसके बावजूद नगर निगम को हर साल लगभग 800 करोड़ रुपए मिलते हैं, फिर भी शहर की स्थिति संतोषजनक नहीं है। 15 किलोमीटर क्षेत्रफल वाले इस छोटे से शहर में वर्षों से टूटी हुई सड़कों, पेयजल संकट और खराब सफाई व्यवस्था की समस्याएँ बनी हुई हैं।
तिवारी ने पड़ोसी शहरों पंचकूला और मोहाली का उल्लेख करते हुए कहा कि वहाँ की नगरपालिकाओं को केवल 200 करोड़ रुपए सालाना मिलते हैं, इसके बावजूद उनकी स्थिति चंडीगढ़ से बेहतर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  एच.एस. लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ के सांसद  मनीष तिवारी शहर के विकास की नई कहानी लिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांसद जी का लक्ष्य है कि शहर के खुले मैदानों का बेहतर उपयोग हो, सड़कों के किनारे ओपन जिम बनाए जाएँ, पार्कों में बच्चों और महिलाओं के लिए सुविधाएँ विकसित हों तथा हर सेक्टर में आधुनिक विकास कार्य हों।
श्री लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ को लंबे समय बाद ऐसा प्रतिनिधित्व मिला है जो शहर की पहचान को और मज़बूत कर रहा है। उन्होंने सांसद तिवारी के राजनीतिक अनुभव और ऊर्जा का जिक्र करते हुए कहा कि उनका उत्साह और मेहनत देखकर लगता है कि वे युवा नेताओं से भी अधिक सक्रिय हैं। भाषण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि चंडीगढ़ की सड़कों की हालत खराब है। पिछली बरसात में कई जगह जलभराव की स्थिति बनी और चार–चार फीट पानी भर गया। लोग मज़ाक में चंडीगढ़ को कभी “नोटिसगढ़” तो कभी “पानीगढ़” कहने लगे हैं। उन्होंने नगर निगम से अपील की कि सड़कों की मरम्मत, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और पार्कों के विकास पर तुरंत ध्यान दिया जाए।
इस मौके पर शिवालिक एंक्लेव के निवासियों ने भी अपनी समस्याएँ सांसद के समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। इसके अलावा, स्थानीय निवासियों ने एक कम्युनिटी सेंटर बनाने तथा क्षेत्र से गुजरने वाले गंदे नाले को कवर करने की मांग भी रखी। सांसद श्री मनीष तिवारी ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान हेतु नगर निगम से एस्टिमेट तैयार करवाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर सांसद निधि से इसका कार्य करवाया जाएगा।
E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org