चंडीगढ़: शहर की सबसे व्यस्त सब्जी मंडी और ग्रेन मार्केट में एक बड़ा सफाई अभियान चलाने की तैयारी है । लंबे समय से मंडी में गंदगी, कचरे के ढेर और अस्वच्छ वातावरण की समस्या बनी हुई थी। अब इस दिशा में गंभीर कदम उठाते हुए मार्केट कमेटी ने सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंडी में बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है, ताकि सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस फैसले का आढ़ती और व्यापारी संगठनों ने न केवल स्वागत किया है बल्कि वे स्वयं इसमें सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।
सब्जी मंडी में काम करने वाले आढ़तियों का कहना है कि लंबे समय से वे सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रहे थे। अब जाकर मार्केट कमेटी ने ठोस कदम उठाया है। आढ़ती स्वयं भी आगे आकर सफाई अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। जल्द ही मंडी के आढ़ती अपने शेड के पास ट्रॉलियां लगवाकर कचरे को उसमें डालने की व्यवस्था करेंगे और पल्लेदारों व ग्राहकों से भी सहयोग की अपील करेंगे।
आढ़तियों का कहना है कि स्वच्छ वातावरण में काम करने से न केवल संक्रमण का खतरा कम होगा बल्कि मंडी का संपूर्ण माहौल बेहतर होगा। खासकर ऐसे समय में जब हजारों लेबर और पल्लेदार मंडी में काम करते हैं, तो साफ-सफाई सबके लिए जरूरी है।
मार्केट कमेटी का बड़ा कदम:
मार्केट कमेटी ने स्पष्ट किया है कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सफाई के लिए वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आमतौर पर मंडी का मुख्य काम सुबह 3 बजे से 9 बजे तक ही पूरा हो जाता है। अधिकांश ट्रक और गाड़ियां रात के समय ही मंडी में आकर अनलोड हो जाते हैं। ऐसे में दिन में सफाई करने में किसी को दिक्कत नहीं होगी।
व्यापारियों और आढ़तियों की प्रतिक्रिया:

“ग्रेन मार्केट और सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मार्केट कमेटी द्वारा उठाए गए कदम से हम संतुष्ट हैं। वाहनों की एंट्री को रोके बिना अच्छी सफाई संभव नहीं है। ग्रेन मार्केट के सभी व्यापारी मार्केट कमेटी के साथ हैं।”
– मोहित सूद, प्रधान ग्रेन मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन

“हम मार्केट कमेटी के सफाई अभियान के साथ हैं। हम खुद चाहते थे कि सफाई व्यवस्था को लेकर इस तरह के निर्णय लिए जाएं। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हम स्वयं भारी वाहनों की एंट्री सब्जी मंडी में नहीं होने देंगे, ताकि सफाई में कोई बाधा न आए। यह सराहनीय कदम है और आढ़ती पूरी तरह कमेटी के साथ खड़े हैं।”
– विनोद कुमार, चंडीगढ़ फ्रूट एजेंसी, SCO 26, सब्जी मंडी

“मंडी का मुख्य काम सुबह 3 बजे से 9 बजे तक होता है। इसके बाद सिर्फ इक्का-दुक्का ग्राहक ही सामान लेने आते हैं। ऐसे में 10 बजे से 1 बजे तक सफाई के दौरान वाहनों की एंट्री रोकना बिल्कुल सही निर्णय है। इसमें किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ज्यादातर गाड़ियां रात को ही अनलोड हो जाती हैं।”
– तासिन मालिक, चौहान ब्रदर्स, SCO 12, सब्जी मंडी

“सब्जी मंडी में सफाई होना आढ़तियों के हित में बहुत बड़ा और जरूरी कदम है। गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता था। यहां हजारों पल्लेदार और लेबर काम करते हैं। यदि मंडी साफ रहेगी तो सभी के लिए सुरक्षित माहौल बनेगा। 10 बजे से 1 बजे के बीच वैसे भी बहुत कम गाड़ियां आती हैं, क्योंकि ज्यादातर गाड़ियां रात को ही अनलोड हो जाती हैं।”
– दाऊद अहमद, रामा फ्रूट कंपनी, SCF 13, सब्जी मंडी

“मार्केट कमेटी अब वही कर रही है जिसकी मांग हम वर्षों से कर रहे थे, लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ था। एडमिनिस्ट्रेटर पवित्र सिंह द्वारा लिया गया यह निर्णय—कि सफाई अभियान के दौरान 10 बजे से 1 बजे तक बड़े वाहनों की एंट्री बंद रहेगी—बिल्कुल सही है। इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि ज्यादातर गाड़ियां रात को ही आकर अनलोड हो जाती हैं। इस निर्णय के बाद अब हमें भी स्वच्छ वातावरण में काम करने का मौका मिलेगा।”
– हतिन्दर अग्रवाल, अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी, SCO 20, सब्जी मंडी
आढ़ती, व्यापारी और मार्केट कमेटी मिलकर सफल बनाने में जुटे:
सब्जी मंडी और ग्रेन मार्केट में चल रहा यह सफाई अभियान एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। आढ़ती, व्यापारी और मार्केट कमेटी मिलकर इसे सफल बनाने में जुट गए हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक वाहनों की एंट्री पर पाबंदी लगाना एक अहम कदम है, जिससे आने वाले दिनों में स्वच्छ और व्यवस्थित मंडी देखने को मिलेगी। सभी पक्षों के सहयोग से अब यह उम्मीद की जा रही है कि सब्जी मंडी और ग्रेन मार्केट जल्द ही स्वच्छता के मामले में एक नई पहचान बनाएंगे।







