चंडीगढ़: सीएमसी हार्टीकल्चर वर्करज यूनियन चंडीगढ़ की एक अहम बैठक 11 अगस्त 2025 को यूनियन प्रधान हरकेश चंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यूनियन के आगामी चुनावों की तिथि को एक वर्ष के लिए स्थगित किया जाएगा। यह निर्णय यूनियन द्वारा लगातार किए जा रहे संघर्षों, वर्ष 2025 की सदस्यता को पूर्ण करने तथा यूनियन की स्वतंत्र कार्यप्रणाली और फेडरेशन के आह्वान पर चल रहे आंदोलनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
बैठक में विशेष रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर ज़ोर दिया गया:
* कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करना।
* ग्रीन बेल्ट्स और पार्कों को एमओयू के माध्यम से सोसाइटीज को सौंपने का विरोध।
* कर्मचारियों की प्रमोशन प्रक्रिया में तेजी लाना।
* सेवानिवृत्त कर्मचारियों की रिवाइज्ड पे फिक्स कर संशोधित पेंशन जारी करना।
* सभी रुके हुए टेंडरों को शीघ्र लागू कर प्रत्येक कर्मचारी की नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
* रैशनलाइजेशन के नाम पर नगर निगम से कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाना।
* आउटसोर्सिंग पर रखे गए बागवानी कर्मचारियों के टेंडर शीघ्र लगवाने की मांग।
उक्त मुद्दों को लेकर यूनियन संघर्ष के पथ पर अग्रसर है और इसी क्रम में सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया गया है। यूनियन ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता लें और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हों। हरकेश चंद ने स्पष्ट किया कि यह स्थगन अस्थायी है और यूनियन की प्राथमिकता फिलहाल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर केंद्रित है। चुनाव की अगली तिथि परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी।







