पंचकूला: उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने समाधान शिविर के दौरान बाढ़ गोदाम के सरपंच की पेयजल समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश जनस्वास्थ्य एवं अभियंत्रिकी विभाग के अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का हल शीघ्र और प्रभावी ढंग से किया जाना चाहिए ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने जिला के 20 लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर का आयोजन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक लघु सचिवालय में किया जाता है। यह पहल मुख्यमंत्री नायाब सैनी के निर्देश पर शुरू की गई है। मुख्यमंत्री स्वयं भी शिविर से जुड़ते हैं और समाधान की प्रगति की निगरानी करते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, जिला राजस्व अधिकारी कुलदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का तत्परता से समाधान करने के लिए सचेत किया गया।







