Monday, December 8, 2025

डीसी रेट्स संशोधित करने की मांग पर यूटी कर्मचारियों की भूख हड़ताल शुरू

चंडीगढ़: डीसी रेट्स बढ़ाने की मांग को लेकर आज से यूटी कर्मचारियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी इंप्लाईज एंड वर्कर्स, यूटी चंडीगढ़ के आवाहन पर वाटर वर्क्स, सेक्टर-32 में यह हड़ताल शुरू की गई। पहले दिन सीटीयू कंडक्टर यूनियन के महासचिव सतिंदर सिंह, इलेक्ट्रिकल वर्कमैन यूनियन के प्रधान किशोरी लाल, सीवरेज एम्प्लाइज यूनियन के महासचिव नरेश कुमार, जन सुविधा सफाई सेवक यूनियन के उपप्रधान मोहिंदर ढिल्लन, वॉटर सप्लाई वर्कर्स यूनियन के सदस्य सौदागर सिंह और जीएमएच ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्य मोहन सिंह साहनी भूख हड़ताल पर बैठे।

कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने वर्ष 2025-26 के लिए बढ़े हुए डीसी रेट्स लागू न कर वायदा खिलाफी की है। उनका कहना था कि प्रशासन ने विभागों को ज्यादा बजट तो जारी कर दिया है लेकिन कर्मचारियों को उसका लाभ नहीं मिल रहा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि वादे के अनुसार डीसी रेट्स जल्द जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

- Advertisement -

गौरतलब है कि कर्मचारी लंबे समय से डीसी रेट्स संशोधित करने की मांग कर रहे हैं। 10 जुलाई को हुई रैली और 11 जुलाई को डीसी के साथ हुई बैठक में आश्वासन दिया गया था कि 31 जुलाई तक डीसी रेट्स जारी हो जाएंगे। इसी तरह 6 अगस्त को डीसी ऑफिस घेराव के बाद भी आश्वासन मिला, लेकिन अब तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। स्पेशल सेक्रेटरी फाइनेंस दीपर्वा लाकरा ने भी भरोसा दिलाया था कि रेट्स 1 अप्रैल से लागू होंगे, लेकिन कर्मचारी इसे वादाखिलाफी मान रहे हैं।

कोऑर्डिनेशन कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संघर्ष अब और तेज किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही डीसी रेट्स का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया तो अगले चरण की आंदोलनात्मक रूपरेखा तय की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी चंडीगढ़ प्रशासन की होगी।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org