पंचकूला: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पंचकूला पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहरभर में ठोस सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। डीसीपी ने चार्ज संभालने के बाद स्पष्ट किया था कि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी और यातायात व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए पुलिस दिन-रात जुटी हुई है।
शनिवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान पंचकूला के मुख्य चौराहों और हाईवे पर नए ट्रैफिक साइन बोर्ड लगाए गए। इन बोर्डों पर “शराब पीकर वाहन न चलाएं”, “स्पीड लिमिट का पालन करें”, “वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें” और “यातायात संकेतों का पालन करें” जैसे संदेश अंकित किए गए। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं बल्कि आमजन को जागरूक कर सुरक्षित यातायात का माहौल बनाना है।
अभियान के दौरान कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर खराब ट्रैफिक लाइट्स की मरम्मत करवाई गई और कई अवैध कट्स को बंद किया गया। पुलिस का कहना है कि इन अवैध कट्स से वाहन चालक गलत दिशा में चलते थे, जिससे हादसों का खतरा बना रहता था। इन सुधारों से अब सड़क पर सुचारू और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
डीसीपी मनप्रीत सिंह सूदन ने इस उपलब्धि का श्रेय एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह, सिटी ट्रैफिक एसएचओ सुनील कुमार, सूरजपुर यातायात प्रभारी नरेंद्र कुमार और उनकी पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल चालान की नीति पर नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने पर काम कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकती है।







