चंडीगढ़: सेक्टर-47 में अवैध डंपिंग ग्राउंड बनाए जाने के विरोध में आज स्थानीय निवासियों ने समाजसेवी बलविंदर सिंह (बल्ली) के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि यहां प्रशासन की लापरवाही से कूड़ा डाला जा रहा है। जिस जगह पर हरे-भरे पेड़ और छोटा जंगल था, वहां अब गंदगी का ढेर है। निवासियों ने आशंका जताई कि इस कचरे से क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और स्थानीय पार्षद जसबीर सिंह लाडी के खिलाफ नारेबाज़ी की। लोगों ने आरोप लगाया कि पार्षद समस्याओं को नजरअंदाज कर सोए हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बीते दिन उन्होंने अवैध पेड़ काटने वालों को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी भाग निकले। उनकी रेहड़ी से मोर के अंडे और पेड़ काटने वाली आरी बरामद हुई। मामले की शिकायत पुलिस और वन विभाग को दी गई है और जांच जारी है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। जगह-जगह लीच बहने से सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और कई हादसे हो चुके हैं। इसके अलावा, नजदीक ही केंद्रीय विद्यालय और गुरुद्वारा स्थित हैं, जिससे हादसों और बीमारियों का खतरा और बढ़ जाता है।
लोगों ने प्रशासन से तुरंत इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शन में बलविंदर सिंह (बल्ली), सुरेश मनचंदा, अश्विनी कुमार, मक्खन सिंह, मनमोहन सिंह, बलजीत सिंह, गुरप्रीत गुरी और सागर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए।







