चंडीगढ़: सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज और निरंकारी राजपिता रमित के आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा ‘वननेस वन’ पौधारोपण परियोजना के पांचवें चरण का आयोजन देशभर के 600 से अधिक स्थलों पर किया गया। इस कड़ी में चंडीगढ़ सेक्टर-31 स्थित आशादीप बिल्डिंग के समीप पार्क और चंडीगढ़ जोन की कई शाखाओं में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ।
चंडीगढ़ के कार्यक्रम में पार्षद अंजू कत्याल, जोनल इंचार्ज ओ.पी. निरंकारी, संयोजक नवनीत पाठक, क्षेत्रीय संचालक, सेवादल अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ओ.पी. निरंकारी ने बताया कि चंडीगढ़ जोन में आज लगभग 500 पौधे लगाए गए।
इसी तरह मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में भी पौधारोपण कार्यक्रम हुआ, जिसमें मोहाली और टीडीआई ब्रांच के सेवादल सदस्य व साधसंगत ने भाग लिया। इस अवसर पर मोहाली ब्रांच संयोजक डॉ. जे.के. चीमा और टीडीआई ब्रांच के मुखी गुरुप्रताप सिंह ने सभी का धन्यवाद किया और पर्यावरण संरक्षण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि ‘वननेस वन’ केवल हरियाली फैलाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। 2021 में शुरू हुआ यह अभियान अब लघु वनों में बदल रहा है, जहां पक्षियों की वापसी और जैव विविधता का पुनर्जन्म दिखाई दे रहा है। यह आंदोलन आने वाली पीढ़ियों के लिए हरी-भरी विरासत छोड़ने का एक सतत संकल्प है।







