कपिल नागपाल, पंचकूला: भाजपा कार्यालय पंचकमल में जिला भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल और मेयर पंचकूला सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में नई कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ संगठन को मज़बूत करने और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अजय मित्तल की अध्यक्षता में सभी पदाधिकारियों से अलग-अलग विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना और उन्हें बेहतर नेतृत्व व वक्ता बनने की दिशा में मार्गदर्शन देना है। साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी बेबुनियाद आरोप लगा रही है और वोट चोरी के उनके दावे पूरी तरह गलत हैं, क्योंकि आज चुनाव पूरी तरह पारदर्शी इलेक्ट्रॉनिक मशीनों के जरिए होते हैं।

कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों को भाजपा की नीतियों से अवगत कराया गया और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि संगठन के हर स्तर पर पदाधिकारी जनता की भलाई के लिए कार्य करने को प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि यह नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक थी, जिसमें वरिष्ठ नेतृत्व ने मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आगे संगठन को मज़बूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि भाजपा की कार्यकारिणी की बैठकें हर तीन महीने बाद की जाती हैं ताकि समय-समय पर कार्यों की समीक्षा हो सके और नई रणनीति तैयार की जा सके।







