चंडीगढ़: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल जनहित में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। फरीदाबाद से चंडीगढ़ तक उनके कार्यों की सराहना की जा रही है। उनका मुख्य फोकस तय समय में जनता की समस्याओं का समाधान करना और नागरिक सुविधाओं में लगातार सुधार लाना है।
विपुल गोयल का मानना है कि जनप्रतिनिधि का यह कर्तव्य है कि जनता के हर मुद्दे को प्राथमिकता से हल करे। वे स्वयं लोगों से जुड़ते हैं और सरकारी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इस पर विशेष जोर देते हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि जनता को उसका हक बिना किसी भेदभाव के मिलना चाहिए और सेवा भाव से ही असली सम्मान हासिल किया जा सकता है।
प्रदेश में मंत्री विपुल गोयल द्वारा शहरी विकास और नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। पंचकूला, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में वे समय-समय पर अधिकारियों के साथ बैठकें कर समस्याओं का समाधान करते हैं। ग्रीवेंस कमेटी की बैठकों में वे व्यक्तिगत रूप से शिकायतें सुनते हैं और उनके तत्काल निवारण के निर्देश भी देते हैं।
जनता के बीच सक्रिय रहने वाले विपुल गोयल का कहना है कि भाजपा की नीति “सेवा ही संगठन” पर आधारित है। वे मानते हैं कि समस्या कितनी भी बड़ी हो, समाधान की इच्छा हो तो रास्ते भी निकलते हैं। मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने यह दिखा दिया है कि केवल वादों से नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके ही जनता का विश्वास जीता जा सकता है। पंचकूला की ग्रीवेंस कमेटी में लोगों का आभार व्यक्त करना इसका बड़ा प्रमाण है।