चंडीगढ़: नगर निगम की पूर्व कमिश्नर अनिंदिता मित्रा के कार्यकाल के दौरान चंडीगढ़ ने भारत स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देशभर में अग्रणी स्थान प्राप्त किया था। उनके कार्यकाल में शहर की स्वच्छता, सुंदरता और सतत विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलें की गईं, जिनका सकारात्मक असर सर्वेक्षण के परिणामों में स्पष्ट रूप से देखा गया।
पूर्व कमिश्नर अनिंदिता मित्रा ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, कचरा प्रबंधन को सुधारने, हरित क्षेत्रों को बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाने के लिए कई अभिनव योजनाओं को अमल में लाया था। उन्होंने न केवल कर्मचारियों को प्रेरित किया, बल्कि आम जनता को भी जागरूक कर स्वच्छता अभियान में भागीदार बनाया।
उनकी सराहना वर्तमान नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने भी की है। उन्होंने कहा था कि, पूर्व कमिश्नर अनिंदिता मित्रा ने शहर को स्वच्छ बनाए रखने और भारत स्वच्छ सर्वेक्षण में चंडीगढ़ को अग्रणी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी सोच और प्रयासों का ही नतीजा है कि शहर स्वच्छता के मामले में देशभर में मिसाल बना।
मित्रा के नेतृत्व में नगर निगम ने न केवल डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कंपोस्टिंग यूनिट्स और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग जैसे प्रोजेक्ट्स को गति दी, बल्कि जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और व्यापारिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा था। पूर्व कमिश्नर की इन पहलों का ही परिणाम है कि आज भी चंडीगढ़ स्वच्छता और हरियाली में देश के अग्रणी शहरों में गिना जाता है।