चंडीगढ़: आज चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में डॉ. सुनील थमन और दीप शिखा ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच एस लक्की की उपस्थिति में आयोजित एक सादे समारोह में दोनों ने कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
डॉ. सुनील थमन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी हैं और एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय ऑडिटर हैं। वे विभिन्न प्रबंधन प्रणालियों में ऑडिट करते हुए वैश्विक स्तर पर काम कर चुके हैं। इसके साथ ही वे आईआरसीए स्वीकृत ट्रेनर भी हैं। डॉ. थमन ने वर्ष 2024 के आम लोकसभा चुनाव में सांसद पद के लिए भी चुनाव लड़ा था, जिससे उनके राजनीतिक अनुभव और सामाजिक सरोकारों की झलक मिलती है। वर्तमान में वे पीपल राइट्स प्रोटेक्शन सोसाइटी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं, जहां वे नागरिक अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं दीप शिखा संगीत विशारद हैं और एक सक्रिय सोशल मीडिया विश्लेषक भी हैं। सामाजिक मुद्दों पर उनकी गहरी पकड़ और युवाओं के साथ उनका संवाद उन्हें पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बनाता है। कांग्रेस में शामिल होते ही दोनों ने पार्टी के उद्देश्यों व सिद्धांतों के प्रति निष्ठा जताते हुए कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
कांग्रेस ने डॉ. सुनील थमन को उनकी दक्षताओं और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को देखते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पर्यावरण प्रकोष्ठ का चेयरमैन नियुक्त किया है। इस अवसर पर डॉ. थमन ने कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित चंडीगढ़ के अभियान को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि वे स्थानीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान तथा प्लास्टिक उन्मूलन जैसे प्रयासों को गति देंगे।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच एस लक्की ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से कांग्रेस को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इनके अनुभव और विशेषज्ञता से पार्टी को न केवल संगठनात्मक मजबूती मिलेगी बल्कि जनहित के मुद्दों पर भी कांग्रेस को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।