पंचकूला, पिंजौर: पिंजौर के कजियाना टोरन लिंक मार्ग पर लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार को भारी भू-स्खलन (लैंडस्लाइडिंग) हो गया। इस कारण सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी आ गई, जिससे यह मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
लैंडस्लाइडिंग के चलते सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। सड़क पर मिट्टी और पत्थर जमा हो जाने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते इलाके में भू-स्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी भारी नुकसान होने की खबरें सामने आ रही हैं। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और सड़क को जल्द साफ करवाने की कोशिश की जा रही है, ताकि आवागमन फिर से शुरू हो सके।