अजीत झा, चंडीगढ़ दिनभर: चंडीगढ़ पुलिस की पीओ एवं समन शाखा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 भगोड़े अपराधियों को धर दबोचा है। ये सभी अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और अदालत से बार-बार समन व वारंट जारी होने के बावजूद पेश नहीं हो रहे थे। इन गिरफ्तारियों को पुलिस ने ऑपरेशन ट्रेस एंड टैकल के तहत अंजाम दिया, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में गोपनीय रूप से चलाया गया।
पुलिस ने आदतन अपराधी सागर मसीह को जीरकपुर से पकड़ा गया:
पकड़े गए आरोपियों में सागर मसीह नामक कुख्यात अपराधी सबसे बड़ा नाम है, जिसे पुलिस ने जीरकपुर से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ चोरी, लूट, और नशा तस्करी जैसी कई संगीन धाराओं में दर्ज मामले लंबित थे। सागर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस सूत्रों के मुताबिक सागर मसीह पहले भी कई बार जेल जा चुका है और वह क्षेत्र में अपराध का नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
1.5 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी रुशभ और भिकलाल शाह गिरफ्तार:
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में रुशभ शाह और भिकलाल शाह नामक दो कारोबारी भी शामिल हैं, जो अहमदाबाद से गिरफ्तार किए गए। इन पर 1.5 करोड़ रुपये की चेक बाउंस और धोखाधड़ी के आरोप हैं। ये दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और अदालत में हाजिर नहीं हो रहे थे।पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को ट्रैक कर बड़े फाइनेंशियल फ्रॉड की साजिश पर लगाम लगाई।
अन्य गिरफ्तार अभियुक्त आरोपियों कई राज्यों से गिरफ्तारी:
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में शामिल है :ललित कुमार, रवि, राजकुमार, कुमार, सुखविंदर सिंह, हरीश कुमार ,विनोद सागर, शाहरुख खान ,नीरज हांडा ,नोहर सिंह इन सभी को विभिन्न न्यायालयों द्वारा जारी किए गए गैर-जमानती वारंट के तहत गिरफ्तार किया गया। एक अन्य आरोपी को मौलीजागरां थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जो गैर-जमानती वारंट पर वांछित था। चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों की प्रभावी पालना, अपराधियों की सीमाओं से बाहर गिरफ्तारी, और जनविश्वास बहाली के लिए एक अहम कदम है।