चंडीगढ़ दिनभर (अजीत झा): चंडीगढ़ की नई इंदिरा कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक 8 वर्षीय मासूम बच्चा गली में खेलते समय आवारा कुत्ते का शिकार बन गया। घायल बच्चे की पहचान इंदिरा कॉलोनी वासी अंकुश के रूप में हुई है। कुत्ते ने अचानक हमला कर उसे दो जगहों पर काट लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे और उसके बाद थाना मनिमाजरा में शिकायत दर्ज करवाई।
बच्चे के पिता अजय कुमार ने थाने में दी लिखित दरखास्त में कहा कि, आवारा कुत्तों की संख्या मोहल्ले में लगातार बढ़ रही है और ये अब जानलेवा बनते जा रहे हैं। अगर इन्हें जल्द नहीं पकड़ा गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट भी दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की रपट दर्ज की और नगर निगम को अवगत करवाया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन को चेताया गया है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तुरंत अभियान चलाया जाए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई हो और आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण पाने के लिए ठोस योजना बनाई जाए।
स्थानीय निवासियों का आक्रोश:
गली में रहने वाले कई लोगों ने इस हमले को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी जताई। उन्होंने बताया कि ये पहली घटना नहीं है। आए दिन कुत्तों के झुंड स्कूल जाते बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर झपटते रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस हादसे के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। निवासियों ने आरोप लगाया कि निगम की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए सिर्फ कागज़ी कार्रवाई की जाती है, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई असर नहीं दिखता।
थाना मनिमाजरा पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और कब तक मोहल्ले के लोग इस डर से बाहर आ पाते हैं।