हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक 30 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के जहानाबाद जिले के गांव कचनावां निवासी सूरज बिंद के रूप में हुई है। वह पिछले आठ महीनों से अपने परिवार के साथ यमुनानगर के रतनगढ़ इलाके में रह रहा था और एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करता था।
हादसा सोमवार दोपहर को हुआ
मृतक सूरज सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ा सामान लेने जा रहा है और जल्द लौट आएगा। लेकिन वह कई घंटे तक वापस नहीं आया। उसकी पत्नी बैजंती देवी ने बताया कि वह शराब का आदी था और जब वह काफी देर तक नहीं लौटा, तो वह खुद उसे तलाशने निकली।
शराब के नशे में खेत में पड़ा मिला
कुछ दूरी पर उसे खेतों के पास सूरज जमीन पर लेटा हुआ मिला। वह उस समय नशे में था लेकिन जीवित था। पत्नी ने उसे पानी पिलाया और घर लौटने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। ऐसे में पत्नी उसे वहीं छोड़कर घर लौट आई।लगभग दोपहर 1 बजे वह फिर से वहां गई और देखा कि उसका पति अब भी वहीं पड़ा है। वह अब भी जीवित था। पत्नी ने एक बार फिर उसे पानी पिलाया और उसे वहीं छोड़कर लौट गई।
एक घंटे बाद मिली मौत की खबर
करीब एक घंटे बाद भट्ठे मालिक सचिन गोयल ने लेबर ठेकेदार अनिता को फोन करके बताया कि तुम्हारे मजदूरों में से एक आदमी खेत के पास पड़ा है, जाकर देखो। यह सुनते ही सभी लोग मौके पर पहुंचे। वहां देखा तो सूरज की हालत गंभीर थी और उसका शरीर पीछे से जला हुआ था।
करंट से मौत की आशंका
मौके के पास ही एक बिजली का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था, जो खंभे पर काफी नीचे की ओर था। परिजनों को आशंका है कि नशे की हालत में खेत में लेटे हुए सूरज को ट्रांसफॉर्मर से करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर सिविल अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक सूरज के परिवार में पत्नी के अलावा चार छोटे बच्चे हैं—तीन बेटियाँ और एक बेटा। अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी अकेली पत्नी बैजंती देवी पर आ गई है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और न्याय की मांग की है।