पंचकूला में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 2 जून को हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी सहेली के घर गई थी। रात के समय सहेली ने अपने 42 वर्षीय मामा से पीड़िता को घर छोड़ने को कहा। लेकिन आरोपी ने उसे चंडीगढ़ स्थित अपने घर ले जाकर वहां उसकी मदद से दुष्कर्म किया।
पीड़िता की दादी उत्तर प्रदेश की निवासी हैं और वह चंडीगढ़ में किराए पर रहकर घरेलू सहायिका का कार्य करती हैं। उन्होंने 3 जून को सेक्टर-10 पुलिस चौकी में घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। सब इंस्पेक्टर गुरपाल सिंह के नेतृत्व में सेक्टर-10 चौकी की पुलिस ने 4 जून को आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीसीपी पंचकूला, सृष्टि गुप्ता ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि महिला और बाल सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। हमारी टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही, पीड़िता की निरंतर काउंसलिंग करवाई जा रही है। डीसीपी ने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से महिला अपराधों के खिलाफ सख्त नीति अपनाई गई है, और यह मामला दर्शाता है कि पंचकूला पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।