हरियाणा के यमुनानगर जिले में गंगा दशहरा के दिन बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार दोपहर यमुना नदी में स्नान करते समय 6 लोग डूब गए। हादसे में 3 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। डूबने वालों में हनुमान मंदिर के पुजारी और उनकी पत्नी भी शामिल हैं। सभी लोग गंगा दशहरा पर पवित्र स्नान के लिए यमुना घाट पहुंचे थे।
घटना यमुनानगर के सिटी सेंटर के पीछे स्थित हनुमान मंदिर के यमुना घाट की है। दोपहर लगभग डेढ़ बजे कुछ महिलाएं और पुरुष नदी में स्नान कर रहे थे। तभी दो महिलाएं रेलिंग पार करते हुए गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें डूबते देख पास में नहा रहे दो पुरुष तुरंत उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन वो भी गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। घाट पर अफरातफरी मच गई। चार लोगों को डूबता देख मंदिर के पुजारी और उनकी पत्नी भी मदद के लिए आगे आए और नदी में कूद गए, लेकिन वे भी पानी की तेज धार में बह गए। इस प्रकार कुल 6 लोग नदी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, फायर ब्रिगेड की टीम और प्रशासन मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। गोताखोरों की मदद से डूबे लोगों की तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी को भी बाहर नहीं निकाला जा सका है।
यह हादसा श्रद्धा और भावनाओं के बीच सुरक्षा की अनदेखी की गंभीर चेतावनी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्नान करते समय सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और रेलिंग के पार जाने से बचें। प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और राहत कार्य लगातार जारी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना गंगा दशहरा के पर्व को शोक में बदल गई।