Wednesday, August 13, 2025

सीएम की मदद से मिला लापता पोता: पंचकूला पुलिस ने दोस्त के घर से ढूंढा, दादी के खाते से गायब 1 लाख भी बरामद

पंचकूला में एक बुजुर्ग विधवा महिला की गुहार पर प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई कर न सिर्फ उसका लापता पोता खोज निकाला, बल्कि उसके खाते से गायब हुए 1 लाख रुपए भी वापस दिलवा दिए। 19 वर्षीय युवक प्रिंस के लापता होने से उसकी दादी कृष्णा बेहद परेशान थीं। कृष्णा मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले के उचाना की रहने वाली हैं और वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-19 में अपने पोते प्रिंस के साथ किराये के मकान में रह रही हैं।

प्रिंस बीते 4-5 दिनों से अचानक लापता हो गया था। लापता होने से पहले उसने दादी के बैंक खाते से ऑनलाइन तरीके से एक लाख रुपए अपने कुछ दोस्तों को ट्रांसफर कर दिए थे। इस बात से घबराई कृष्णा ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस आयुक्त शिबास कविराज को युवक की तलाश के निर्देश दिए।

- Advertisement -

पुलिस आयुक्त ने तुरंत एक्शन लेते हुए सब-इंस्पेक्टर तजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट के अलावा सेक्टर-19 के चौकी इंचार्ज सचिन और अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए महज पांच घंटे के भीतर युवक को पंचकूला में ही एक दोस्त के घर से खोज निकाला और उसे सुरक्षित उसकी दादी से मिलवा दिया।

जांच में पता चला कि प्रिंस ने अपनी दादी के बैंक खाते से जो एक लाख रुपए ट्रांसफर किए थे, उन्हें पुलिस ने पूरी तरह से रिकवर कर लिया है। पुलिस की इस सक्रियता और मुख्यमंत्री की तत्काल प्रतिक्रिया से न केवल एक बुजुर्ग महिला को उसका पोता मिला, बल्कि वित्तीय नुकसान से भी राहत मिली।

प्रिंस की दादी कृष्णा ने कहा, “मैं बहुत दुखी और डरी हुई थी। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। मैंने मुख्यमंत्री से मदद मांगी, उन्होंने मेरी बात सुनी और तुरंत पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। पंचकूला पुलिस ने मेरे पोते को सुरक्षित वापस ला दिया और मेरे पैसे भी लौटा दिए, इसके लिए मैं दिल से धन्यवाद देती हूं।”

इस मामले ने एक बार फिर दिखा दिया कि अगर शिकायत समय पर दर्ज हो और प्रशासन सजग हो, तो बड़ी से बड़ी परेशानी को भी हल किया जा सकता है। पुलिस की सक्रियता और मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ने एक दादी की जिंदगी में फिर से सुकून लौटा दिया।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org