हरियाणा के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। हिसार से चंडीगढ़ के बीच सीधी फ्लाइट की शुरुआत 9 जून से होने जा रही है। यह हवाई सेवा राज्य सरकार की मंजूरी के बाद शुरू की जा रही है, जिससे यात्रियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक भी होगी।
इस हवाई मार्ग पर सफर करने वालों को लगभग 2500 से 3000 रुपये तक का किराया देना होगा। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी लगभग 252 किलोमीटर है, जिसे अब सिर्फ 45 मिनट में तय किया जा सकेगा। यात्रियों को फ्लाइट से पहले कम से कम आधे घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। फिलहाल सड़क मार्ग से हिसार से चंडीगढ़ पहुंचने में लगभग 4 घंटे का समय लगता है, जबकि ट्रेन से यह यात्रा लगभग 7 घंटे की होती है। ट्रेन भी सिर्फ एक ही है और उसकी सुविधा सीमित है। अब फ्लाइट के जरिए यह सफर बेहद आसान हो जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, सरकार इस फ्लाइट को सप्ताह में दो दिन चलाने की योजना बना रही है, जैसा कि हिसार से अयोध्या और दिल्ली के लिए किया गया है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या और दिल्ली के लिए हवाई सेवा का उद्घाटन किया था। अब तक 750 से अधिक यात्री हिसार से अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं। दिल्ली में रुकने के कारण वहां से भी यात्रियों की संख्या बढ़ रही है और गर्मियों की छुट्टियों के चलते इन उड़ानों में भीड़ देखी जा रही है।
हिसार एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया टर्मिनल भी बनाया जा रहा है, जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रखी गई थी। यह टर्मिनल शंख के आकार का होगा और इसे तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है। यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकल्प बन सकता है।
हिसार से चंडीगढ़ के लिए रेल सेवा भी हाल ही में 59 साल बाद शुरू की गई थी। करीब 17 दिन पहले रायपुर स्टेशन से सीधी ट्रेन शुरू की गई, जो रात 2:25 बजे चलती है और सुबह 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है। हवाई सेवा शुरू होने से न सिर्फ आम जनता को सुविधा मिलेगी बल्कि यह क्षेत्र के विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। अब हिसार और चंडीगढ़ के बीच की दूरी न के बराबर रह जाएगी।