चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी इन दिनों एक सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा के दौरे पर हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पाकिस्तान को ‘कायर’ और ‘धोखेबाज़’ देश बताया। उन्होंने वहां रह रहे भारतीयों से अपील की कि वे दुनिया को पाकिस्तान की सच्चाई जरूर बताएं।
मनीष तिवारी ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा आम लोगों पर छिपकर हमले करता है और आतंकवाद फैलाता है। लेकिन भारत की सेना ने हमेशा उसका मुँहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एक ऐसा शहर है, जहां देशभक्ति हर नागरिक के दिल में बसी है। यह शहर देश के पूर्व सैनिकों का घर है और यहां से पूरी दुनिया को यह संदेश जाना चाहिए कि भारत अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करता।
मनीष तिवारी इस दौरे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गए हैं। उनके साथ भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य दलों के नेता भी शामिल हैं। यह यात्रा भारत की रणनीति का हिस्सा है, जिससे पाकिस्तान के आतंकवादी रवैये के खिलाफ दुनिया का समर्थन जुटाया जा सके।
सांसद तिवारी ने कहा कि जब देश की इज्जत की बात हो, तो सबको मिलकर एकजुट होना चाहिए, चाहे वो किसी भी पार्टी से हों। उन्होंने साफ कहा कि भारत ने अब तक शांति और संयम दिखाया है, लेकिन अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो अगला कदम कड़ा और आक्रामक होगा।
आखिर में उन्होंने दुनिया भर में बसे भारतीयों से अपील की कि वे पाकिस्तान की करतूतों को दूसरों तक पहुँचाएं, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसका असली चेहरा उजागर हो सके। इस प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी, कांग्रेस, एनसीपी, आम आदमी पार्टी समेत कई दलों के नेता और पूर्व राजनयिक भी शामिल हैं।