Wednesday, August 13, 2025

PGI चंडीगढ़ में ऑपरेशन का समय बढ़ा: अब मरीजों को जल्दी मिल रहा इलाज, डॉक्टरों को मिल रहा बेहतर अनुभव

चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित पीजीआई अस्पताल ने मरीजों की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का समय बढ़ाकर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया गया है। इस बदलाव से हजारों मरीजों को राहत मिली है, जिन्हें पहले सर्जरी के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था।

पीजीआई में पहले जहां प्लांड यानी तय की गई सर्जरी के लिए 2 से 6 महीने तक का समय लग जाता था, वहीं अब मरीजों को कुछ ही हफ्तों में ऑपरेशन की तारीख मिल रही है। अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में यानी अप्रैल से जून के बीच 21 हजार से ज्यादा ऑपरेशन किए गए हैं।

- Advertisement -

हर विभाग में अब रोजाना 2 से 3 अतिरिक्त सर्जरी हो रही हैं। इससे गंभीर मामलों में भी जल्दी इलाज संभव हो पाया है। मार्च की तुलना में अप्रैल में बड़ी सर्जरी की संख्या में 151 की बढ़ोतरी देखी गई है।

डॉक्टरों के लिए भी फायदेमंद बदलाव

इस बदलाव का लाभ सिर्फ मरीजों को ही नहीं, बल्कि पीजीआई में प्रशिक्षण ले रहे रेजिडेंट डॉक्टरों को भी मिल रहा है। अब वे वरिष्ठ सर्जनों के साथ ज्यादा समय तक ऑपरेशन में शामिल हो पा रहे हैं। इससे उनका अनुभव और सर्जरी में दक्षता भी बढ़ रही है।

इन विभागों को मिला सबसे ज्यादा फायदा

पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी, गायनी (महिला रोग), और ऑर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग) विभागों को इस फैसले से सबसे अधिक फायदा हुआ है। पहले इन विभागों की ओटी दोपहर 2-3 बजे तक ही चलती थी, जिससे सर्जरी की संख्या सीमित रह जाती थी। लेकिन अब शाम 8 बजे तक ऑपरेशन हो रहे हैं, जिससे ज्यादा मरीजों का इलाज हो पा रहा है।

PGI में अब रोजाना औसतन 450 से 500 छोटी-बड़ी सर्जरी की जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव मरीजों की सेवा को और बेहतर बनाएगा और डॉक्टरों को ज्यादा व्यावहारिक अनुभव देगा।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org