Saturday, August 16, 2025

धर्मशाला से मथुरा-वृंदावन के लिए हिमाचल की पहली एसी डीलक्स बस सेवा शुरू, ₹1259 में मिलेगा आरामदायक सफर

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) से धार्मिक नगरी मथुरा और वृंदावन तक की यात्रा अब और भी आरामदायक हो गई है। हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) ने धर्मशाला से मथुरा-वृंदावन के लिए एसी डीलक्स बस सेवा शुरू की है। यह हिमाचल की पहली एसी डीलक्स अंतरराज्यीय बस सेवा है।

पहले यह बस चामुंडा देवी से चलती थी, लेकिन अब इसका रूट बदलकर धर्मशाला से शुरू किया गया है ताकि अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके। यह बस हिमधारा श्रेणी की 3×2 एसी डीलक्स बस है, जिसमें आरामदायक सीटें और बेहतर ठंडक व्यवस्था है।

- Advertisement -

बस धर्मशाला बस स्टैंड से दोपहर 2:50 बजे चलेगी। इसका रूट धर्मशाला से होते हुए चामुंडा, नगरोटा, कांगड़ा, देहरा, ऊना, चंडीगढ़, फरीदाबाद, दिल्ली होकर वृंदावन पहुंचेगी। वृंदावन आने का समय अगले दिन सुबह 7:30 बजे निर्धारित है। धर्मशाला से मथुरा-वृंदावन तक का किराया ₹1259 रखा गया है, जो यात्रियों के लिए उचित माना गया है। वापसी यात्रा के लिए बस वृंदावन से शाम 4 बजे रवाना होगी। दिल्ली से यह रात 9 बजे, चंडीगढ़ से रात 2 बजे निकलते हुए अगले दिन सुबह 9 बजे धर्मशाला पहुंचेगी।

धर्मशाला मंडल के डिपो मैनेजर पंकज चड्ढा ने बताया कि यह हिमाचल की पहली एसी डीलक्स अंतरराज्यीय बस सेवा है, जो तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी। इस सेवा से धर्मशाला से उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा संभव होगी।

इस नई बस सेवा से यात्रियों को निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम हो जाएगी। यह कदम न केवल यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा और यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव देगा।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org