हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस पर पंजाब के भानुपल्ली के पास बुधवार रात हमला हुआ। कांगड़ा के चामुंडा देवी से वृंदावन जा रही इस बस पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पत्थर फेंके। इस घटना में बस का फ्रंट मिरर और शीशा टूट गया। ड्राइवर राजेश कुमार को हल्की चोटें आईं हैं।
यात्री अनीता देवी ने बताया कि अंधेरे में तीन बार बस पर पत्थर मारे गए, जिससे शीशे के टुकड़े ड्राइवर और यात्रियों पर गिरे। हादसे के बाद बस को करीब आधा घंटा भानुपल्ली के पास रोककर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रबंधक को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है।
यह बस सेवा बीते दिन ही शुरू की गई थी, जिसे पर्यटन निगम अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली और एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
पिछले अप्रैल महीने में भी पंजाब के अलग-अलग इलाकों में हिमाचल की बसों को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद बसों की रातभर पंजाब में ठहराव सेवा बंद कर दी गई थी। तब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर स्थिति को सामान्य बनाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में लगी है।