Thursday, August 14, 2025

पंचायती ज़मीन से खैर के पेड़ काटने की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुररानी, देवेन्द्र सिंह: रायपुररानी खंड के गांव टपरियां में अज्ञात लोगों द्वारा पंचायत की जमीन पर लगे खैर के पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय प्रकाश में आई जब गांव के सरपंच अनिल सैनी ने मौके पर जाकर कटे हुए पेड़ों को देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंचायती भूमि का निरीक्षण किया। मौके पर कटे हुए पेड़ों के ठूंठ और पेड़ काटने के अवशेष पाए गए, जिससे साफ है कि यह काम योजनाबद्ध तरीके से रात के समय अंजाम दिया गया।

सरपंच अनिल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव की पंचायत भूमि पर खड़े करीब सात बड़े और मजबूत खैर के पेड़ काटे गए हैं, जो वर्षों से वहां मौजूद थे। इन पेड़ों की अवैध कटाई से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है, बल्कि ग्राम पंचायत को भी आर्थिक हानि हुई है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, वन विभाग ने भी इस अवैध कटाई को लेकर अपनी तरफ से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम और पंचायत संपत्ति से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।

- Advertisement -

यह घटना न केवल सरकारी भूमि की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी और कानून का कड़ाई से पालन आवश्यक है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर नाराज़ हैं और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org