Thursday, August 14, 2025

रंजीत उप्पल भारत विकास परिषद के अध्यक्ष बने, डीपी वशिष्ठ बने सचिव

टी एस गुजराल, चंडीगढ़ दिनभर

कालका: भारत विकास परिषद कालका शाखा द्वारा शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई।

- Advertisement -

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा और अखिल भारतीय स्वावलंबन कार्य उत्तर क्षेत्र के संगठक मुरली मनोहर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में रंजीत उप्पल को कालका शाखा का अध्यक्ष, डी.पी. वशिष्ठ को सचिव एवं राजेश दलाल को वित सचिव नियुक्त किया गया। रंजीत उप्पल ने अपनी टीम के साथ विधिवत रूप से दायित्व ग्रहण की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पीयूष पुंज ने किया।

दीपक राय आनंद (क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव, उत्तर क्षेत्र-2), कपिल गुप्ता (प्रांत अध्यक्ष हरियाणा उत्तर) एवं दायित्व प्रदाता अतुल गोयल (प्रांतीय महासचिव) की उपस्थिति में नवगठित टीम को दायित्व ग्रहण करवाया गया।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था है और उन्हें नवगठित टीम से बहुत उम्मीदें हैं। विधायक शक्ति रानी शर्मा ने भी परिषद द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और एकता की भावना को मजबूत करने की बात कही।

कपिल अत्रेजा ने परिषद के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे एक परिवार बताया, जो सेवा, समर्पण, संस्कार, सहयोग और संपर्क की भावना से कार्य करता है।

कपिल गुप्ता ने परिषद के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी स्थापना 12 जनवरी 1963 को हुई और पंजीयन 10 जुलाई 1963 को किया गया था। इसके पहले संरक्षक सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वी.पी. सिन्हा थे। मुरली मनोहर ने नवनियुक्त टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नव नियुक्त अध्यक्ष रंजीत उप्पल ने कहा कि उनकी टीम सेवा, सहयोग और संस्कार के मूलमंत्र को लेकर समाज सेवा में जुटेगी। सचिव डी.पी. वशिष्ठ ने जानकारी दी कि परिषद ब्लड डोनेशन, मतदाता जागरूकता, मेडिकल कैंप और समाजसेवी अभियानों के माध्यम से हर नागरिक तक पहुंचेगी।

इस अवसर पर महिला सहभागिता संयोजक हरविन्दर कौर, सम्पर्क संयोजक गुरमेल सिंह, पर्यावरण संयोजक कैप्टन अमरजीत सिंह, संस्कार संयोजक डॉ. पीयूष पुंज, सेवा संयोजक कोमल रमोला और अन्य सभी सदस्यों ने समाज सेवा का संकल्प लिया।

E-Paper
RELATED ARTICLES

Most Popular




More forecasts: oneweather.org