जालंधर: पंजाब के सूफी गायक और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद हंसराज हंस की पत्नी रेशम कौर का आज दोपहर निधन हो गया। उन्होंने जालंधर के टैगोर अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 62 वर्ष की थीं और लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनके निधन से परिवार और चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, रेशम कौर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उन्हें हृदय संबंधी दिक्कतें थीं और हाल ही में उनका इलाज चल रहा था। कुछ समय पहले ही उनके स्टंट डाले गए थे, लेकिन स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुआ। बीते पांच दिनों से वह जालंधर के टैगोर अस्पताल में भर्ती थीं, जहां आज दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों के अनुसार, पहले उनकी सेहत बिल्कुल ठीक थी, लेकिन कुछ दिनों पहले उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों की टीम ने उनकी पूरी देखभाल की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दलेर मेहंदी की समधन थीं रेशम कौर
रेशम कौर का रिश्ता पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर दलेर मेहंदी के परिवार से भी जुड़ा हुआ था। दलेर मेहंदी की बेटी अजीत कौर की शादी हंसराज हंस के बेटे नवराज हंस से हुई है, इस नाते वह दलेर मेहंदी की समधन थीं।
परिवार में शोक, घर पर रिश्तेदारों का तांता
रेशम कौर के निधन से हंसराज हंस और उनके पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके घर पर शोक व्यक्त करने के लिए रिश्तेदारों और करीबियों का तांता लगा हुआ है। घर के अंदर टेंट और अन्य तैयारियां की जा रही हैं।गौरतलब है कि 18 अप्रैल को हंसराज हंस की शादी की सालगिरह थी, लेकिन इससे ठीक 16 दिन पहले ही उनकी पत्नी का निधन हो गया, जिससे परिवार और भी गहरे सदमे में है।
कल 11 बजे होगा अंतिम संस्कार
रेशम कौर के भाई परमजीत सिंह ने बताया कि उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे हंसराज हंस के पैतृक गांव शफीपुर में किया जाएगा।