चंडीगढ़: मौली जागरा की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने न सिफऱ् उसे नग्न अवस्था में वीडियो बनाकर प्रताडि़त किया, बल्कि उसे रस्सियों से बांधकर छह दिनों तक एक कमरे में बंधक भी बनाकर रखा। इस दौरान महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में उसकी सास ने भी उसके पति का साथ दिया।
पीडि़ता ने मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई और अपने शरीर पर बने चोटों के निशान भी दिखाए। महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे कई दिनों तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया। जब भी उसने विरोध करने की कोशिश की, तो उसकी सास ने भी उसे दबाने का काम किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की और उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी से इस बारे में बात की, तो यह वीडियो सार्वजनिक कर दी जाएगी। इस मानसिक और शारीरिक यातना से परेशान होकर महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और अस्पताल पहुंची।
अस्पताल में भर्ती, फिर पुलिस से की शिकायत
घटना के बाद, जब महिला अपनी गंभीर चोटों के इलाज के लिए डेराबस्सी के एक अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे वहीं की डिस्पेंसरी में भर्ती कर लिया। इलाज के दौरान महिला ने अस्पताल में ही पुलिस को इस मामले की सूचना दी। जैसे ही डेराबस्सी पुलिस को मामले की जानकारी मिली, एसएचओ मनदीप सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला के पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और इस मामले में सभी साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।